विश्व चैंपियनशिप: निशानेबाज विवान कपूर ने ट्रैप स्पर्धा में जीता रजत, भारत को दिलाया ओलंपिक कोटा
दोहा: भारतीय निशानेबाज विवान कपूर ने कतर के दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरुष ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। जयपुर के 24 वर्षीय निशानेबाज विवान स्वर्ण पदक जीतने के बेहद करीब थे, लेकिन बेहद कड़े मुकाबले के शूट-ऑफ में चूक गए।
निर्धारित फाइनल मुकाबले में विवान और कुवैत के दिग्गज निशानेबाज अब्दुलरहमान अलफैहान दोनों ने 30 में से 29 सटीक निशाने लगाए। इसके बाद दोनों निशानेबाजों के बीच स्वर्ण पदक के लिए शूट-ऑफ हुआ। शूट-ऑफ में विवान एक क्ले बर्ड पर निशाना लगाने से चूक गए, जिससे अलफैहान ने स्वर्ण पदक जीता और विवान को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
इस उपलब्धि के साथ विवान पुरुष ट्रैप स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले भारत के चौथे निशानेबाज बन गए हैं। उनसे पूर्व डॉ. कर्णी सिंह (रजत), मानवजीत सिंह संधू (स्वर्ण, 2006 जगरेब) और जोरावर सिंह संधू पदक जीत चुके हैं।
इसके अतिरिक्त विवान ने 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों के लिए भारत का तीसरा ओलंपिक कोटा स्थान भी पक्का कर लिया। उनसे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में जयपाल मालवीय और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक विजेता नीरज कुमार भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं।











अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले करें!