छठ पूजा 2026: नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व शुरू, व्रतियों ने लिया संकल्प
नई दिल्ली: लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार (13 नवंबर) को नहाय-खाय की रस्म के साथ शुरू हो गया। संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की समृद्धि के लिए रखे जाने वाले इस कठिन अनुष्ठान में व्रतियों ने सुबह पवित्र नदियों, सरोवरों और जलाशयों में स्नान कर पूजा-अर्चना की।
नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने स्नान के बाद साफ वस्त्र धारण किए और पूजा का संकल्प लिया। घरों में विशेष साफ-सफाई के बाद मिट्टी के चूल्हे पर पीतल या मिट्टी के बर्तनों में कद्दू-भात और चने की दाल का सात्विक प्रसाद तैयार किया गया। व्रतियों के भोजन ग्रहण करने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।
हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू हुआ यह महापर्व चार दिनों तक चलेगा। शनिवार (14 नवंबर) को खरना का अनुष्ठान होगा, जिसमें दिनभर उपवास के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनेगा। इसके बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होगा।
अनुष्ठान के तीसरे दिन रविवार (15 नवंबर) को डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद सोमवार (16 नवंबर) की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का पारण होगा। दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों में घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।








अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले करें!