नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान छूटे मतदाताओं को नाम जोड़ने का एक और मौका देने का फैसला किया है। यह सुविधा उन मतदाताओं को मिलेगी, जिन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट (ASDD) की श्रेणी में रखा गया था।

आयोग के निर्देश दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नागालैंड पर लागू होंगे। इन राज्यों में ऐसे मतदाताओं को गणना फॉर्म जारी किए गए थे, लेकिन फॉर्म वापस नहीं मिले। इस कारण उनका नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह मौका सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलेगा जो पहले मतदाता सूची में थे और SIR के दौरान उनका नाम कट गया। जो लोग कभी सूची में थे ही नहीं, उन्हें इसका लाभ नहीं मिलेगा। डुप्लिकेट नामांकन रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।

दिल्ली में SIR से पहले करीब 1.45 करोड़ मतदाता थे। 31 अगस्त को जारी मसौदा सूची में करीब 97.53 लाख नाम शामिल किए गए। इस तरह लगभग 47.57 लाख नाम मसौदा सूची से बाहर रहे।

सुप्रीम कोर्ट ने 29 अक्टूबर को दिल्ली में SIR की जल्दबाजी पर सवाल उठाया था। अगले ही दिन आयोग ने तारीख बढ़ा दी थी। आयोग का नया फैसला उन शिकायतों के बाद आया है कि जिंदा लोगों को मृत बताया गया और बाहर गए लोगों को अनुपस्थित दिखाया गया।

अगर किसी मतदाता का नाम मसौदा सूची में नहीं है और उसे ASDD बताया गया है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उसके घर फिर आएगा या वह दावा-आपत्ति के दौरान फॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। इसके लिए आधार, वोटर आईडी और पते का प्रमाण रखना होगा।

राज्य के भीतर पता बदलने वालों को फॉर्म-8 की जरूरत नहीं होगी। जिनका पता नहीं बदला है, उन्हें पहले फॉर्म न देने का कारण बताना होगा। पता बदलने वालों को नए पते का प्रमाण देना होगा। बेघर लोगों के लिए BLO की रिपोर्ट मान्य होगी। परिजन या ऑनलाइन भी फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। जो लोग पहले फॉर्म-6 भर चुके हैं, उन्हें दोबारा गणना फॉर्म नहीं देना होगा। जांच के बाद नाम जुड़ने पर पुराना वोटर आईडी नंबर ही रहेगा।

इससे पहले 3 नवंबर को आयोग ने कहा था कि जिस मतदाता का नाम SIR की मसौदा सूची में नहीं है, वह फॉर्म-6 भरकर दोबारा नाम जुड़वा सकता है। आयोग ने कहा था कि चाहे व्यक्ति 10 साल से मतदाता रहा हो, उसे फॉर्म-6 ही भरना होगा। इसे झूठा शपथ पत्र नहीं माना जाएगा और न ही कोई केस होगा। अक्टूबर में आयोग ने फॉर्म-6 से 2003 की मतदाता सूची से जुड़ा सवाल भी हटा दिया था।