गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी के पास तेज धमाका, एक व्यक्ति घायल
गाजियाबाद: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे वसुंधरा पुलिस चौकी के पास एक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोटक एलिवेटेड रोड से नीचे फेंका गया था, जो पुलिस चौकी के बगल में गिरा। इस विस्फोट में खिड़कियों के शीशे टूटने से वहां से गुजर रहा एक फूड डिलीवरी कर्मी ईशान घायल हो गया, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार सुबह छुट्टी दे दी गई।
धमाके के बाद पुलिस को एलिवेटेड रोड पर दिल्ली नंबर की एक लावारिस स्कूटी बरामद हुई है, जिसके संबंध में जांच की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), खुफिया ब्यूरो (IB), विशेष जांच शाखा (SIB), स्थानीय खुफिया इकाई और दिल्ली पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर 'गाजी-2' नामक हैंडल से प्रतिबंधित संगठन तहरीक-उल-मुजाहिद्दीन हिंदुस्तान द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन पड़ताल कर रही हैं।









अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले करें!